यहां वीटीकेआईटी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र अमित गंगवार की खुदकुशी मामला तूल पकड़ने लगा है। मृतक के परिजन इसे खुदकुशी मानने को तैयार नहीं हैं। परिजन मामले में एफआईआर दर्ज कराने यहां थाने पहुंच चुके हैं। देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।
मालूम हो कि बुधवार की सुबह कालेज के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र अमित गंगवार ने हास्टल के बाथरूम में टाई से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। लेकिन मृतक के परिजन मामले में हत्या की आशंका जता रहे हैं, इसीलिए परिजन शुक्रवार को रामपुर से मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कराने यहां देर शाम थाने पहुंच गए हैं। लेकिन एसओ चंद्र मोहन सिंह सरकारी काम से अल्मोड़ा गए हैं, जिस कारण देर रात तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। एसआई जावेद मलिक ने बताया कि एसओ का इंतजार किया जा रहा है। मुकदमा दर्ज कराने के लिए मृतक की मां कमलेश कुमारी, पिता अर्जुन सिंह गंगवार, फूफा गंगा राम, प्रदीप कुमार, राजेश कुमार, तुषेंद्र, मुरारी लाल सहित 11 लोग पहुंचे हुए हैं।