धौलछीना में बम भोले के जयकारे लगाते कैलाश मानसरोवर यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
कैलाश मानसरोवर यात्रियों का बारहवां दल बम-बम भोले के जयकारों के साथ बृहस्पतिवार को धारचूला के लिए रवाना हो गया। इससे पहले बुधवार शाम को अल्मोड़ा हाली-डे होम पहुंचने पर यात्रियों का स्वागत किया गया। बृहस्पतिवार को अल्मोड़ा से रवाना होने के बाद यात्री दल कुछ देर के लिए धौलछीना में भी रुका। 58 सदस्यीय यात्रा दल में 47 पुरुष और 11 महिलाएं शामिल हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रियों का बारहवां दल बुधवार शाम अल्मोड़ा पहुंचा। जहां यात्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। 58 सदस्यीय यात्रा दल में सर्वाधिक नौ यात्री दिल्ली से हैं, जबकि राजस्थान औरउत्तर प्रदेश से आठ-आठ, गुजरात एवं महाराष्ट्र से छह-छह, केरल से चार, हरियाणा, कर्नाटका, तेलंगाना से तीन-तीन, हिमाचल से दो, बिहार, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, उडीसा, तमिलनाडू से एक-एक यात्री और उत्तराखंड से एक यात्री शामिल है। दल का नेतृत्व दिल्ली निवासी कस्टम विभाग के आफिसर गोविंद कुमार गर्ग कर रहे है। यात्रा दल में शामिल अहमदाबाद निवासी विधी शाह (18) सबसे कम उम्र की यात्री हैं जो अपनी माता शैफाली शाह के साथ यात्रा पर जा रही हैं।
शैफाली ने बताया कि वह 2011 में भी यह यात्रा पर जा चुकी हैं और विधि पिछले वर्ष आदि कैलाश यात्रा पर जा चुकी है। दल में दिल्ली निवासी लता रसेंद्र ठाकुर (63) और उनके पुत्र रोहित मल्होत्रा लगातार दसवीं बार यात्रा पर जा रहे हैं। महाराष्ट्र निवासी दत्ता राय श्रीधर (64) यात्रा दल में सबसे बुजुर्ग यात्री हैं। अल्मोड़ा से रवाना होने के बाद यात्रियों ने धौलछीना के हिलव्यू रेस्टोरेंट में नाश्ता किया। जहां व्यापार मंडल अध्यक्ष दरवान सिंह रावत आदि ने यात्रियों का स्वागत किया। यहां से यात्री धारचूला को रवाना हुए।