अल्मोड़ा। जिले में असंतुलित जीवनशैली और जंक फूड की बढ़ती आदत ने युवाओं की सेहत पर बुरा असर डालना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल सहित मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल में रोजाना 10 से अधिक युवा हाई कोलेस्ट्रॉल जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ हरीश आर्या ने बताया कि पहले हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या मुख्यत: 40 वर्ष से ऊपर के लोगों में देखी जाती थी। अब 20 से 35 आयु के युवक-युवतियां भी इससे पीड़ित हो रहे हैं। उनका कहना है कि इसका मुख्य कारण जंक फूड का अत्यधिक सेवन, व्यायाम की कमी और मानसिक तनाव शामिल हैं।
फिजिशियन डॉ. आर्या ने बताया कि हाई कोलेस्ट्रॉल का मुख्य कारण जीवनशैली और अनुवांशिकता है। रक्त में वसा की मात्रा सामान्य से अधिक हो जाती है। इसे हाइपरलिपिडिमिया और हाइपरकोलेस्ट्रोलेमिया कहा जाता है। इसके बढ़ने पर हृदय रोग, स्ट्रोक, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
-
लक्षण
- सीने में दर्द और बेचैनी
- सांस लेने में तकलीफ
- थकान और कमजोरी
- पैरों में दर्द और ऐंठन
- उच्च रक्तचाप
- पेट दर्द
-
बचाव
- संतुलित आहार
- नियमित व्यायाम
- धूम्रपान और शराब का सेवन ना करें
- डॉक्टर से नियमित रूप से जांच करवाएं।