चौखुटिया (अल्मोड़ा)। एडवेंचर कार रैली में उत्तराखंड सहित विभिन्न प्रदेशों की 37 कारें चौखुटिया तक पहुंचीं। कार रैली इस बार कुमाऊं से गढ़वाल की ओर निकली। रैली देहरादून से शुरू होकर वाया रामनगर बुधवार को चौखुटिया पहुंचीं। एडवेंचर कार रैली में उत्तराखंड की चार कारों सहित हिमाचल, हरियाणा, पश्चिमी बंगाल, तमिलनाडु और पंजाब की कुल सैंतीस कारें शामिल थीं।
प्रशासन की ओर से कारों के काफिले को गढ़वाल से लगी पंडुवाखाल की सीमा से आगे के लिए रवाना किया। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार कारें रात्रि विश्राम औली में करने के बाद देहरादून के लिए रवाना हो गई हैं। कार रैली देहरादून से रामनगर होते हुए वाया चौखुटिया, औली को रवाना हुई। गत वर्षों तक रैली देहरादून से वाया गढ़वाल, कुमाऊं में आकर वापस देहरादून में समाप्त होती थी।
स्थानीय स्तर पर तहसीलदार दीवानसिंह बिष्ट सहित तहसील और पुलिस कर्मी व्यवस्थाओं को देख रहे थे। उधर शासन, प्रशासन द्वारा इस बार रैली का प्रचार-प्रसार न किए जाने से लोगों को रैली के आयोजन की भनक तक नहीं लगी। फिर इस बार रैली में शामिल कारों में भी ऐसा आकर्षण नहीं था जिससे लोगों में उत्सुकता रहती।