राजस्थान प्रदेश के बासवाड़ा जिले के एक गांव से जीजा (दो बच्चों का बाप) अपनी बाइस वर्षीय साली को भगाकर अल्मोड़ा ले आया। जीजा ने साली के साथ शादी भी कर ली है। यह दोनों पिछले पांच दिन से नगर के समीप किराए के मकान में रह रहे थे। राजस्थान पुलिस द्वारा दोनों के मोबाइल सर्विलांस में लगाए गए थे, जिससे इन दोनों के अल्मोड़ा में होने की सूचना मिली। राजस्थान पुलिस की सूचना पर अल्मोड़ा पुलिस ने इन दोनों को बरामद कर वहां की पुलिस और परिजनों के सुुपुर्द कर दिया।
राजस्थान के बासवाड़ा जिले के थाना लोहारिया के एक गांव की निवासी 22 वर्षीय युवती उदयपुर में बीएड करती थी। युवती का पिछले कुछ समय से अपने जीजा से प्रेम प्रसंग था। यह युवती करीब एक माह पहले अपने जीजा 35 वर्षीय फार्मेसिस्ट गौतम वाइन पुत्र रतन वाइन मूल निवासी कृष्णानागर चौबीस परगना कोलकाता के साथ गांव से फरार हो गई। युवती के पिता ने पुत्री की गुमशुदगी लोहारिया थाना (राजस्थान) में दर्ज कराई थी। राजस्थान पुलिस इन दोनों की खोजबीन में लगी हुई थी। वहां की पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबर ट्रेस करने के लिए सर्विलांस में लगाए थे।
अल्मोड़ा के थानाध्यक्ष उत्तम सिंह ने बताया कि साली जीजा पिछले पांच दिन से नगर के समीप सरसों में किराए के मकान में रह रहे थे। युवती ने पुलिस को बताया कि उसने जीजा के साथ अजमेर में करीब बीस दिन पहले विवाह कर लिया है। कुछ दिन अजमेर में रहे इसके बाद वह दोनों नैनीताल आए।
नैनीताल के बाद पांच दिन पहले अल्मोड़ा आए और सरसों में रहने लगे और अब वह जीजा के साथ ही रहेगी। जीजा के पहले से ही दो बच्चे हैं। जीजा साली को बरामद करने के बाद अल्मोड़ा पुलिस ने राजस्थान पुलिस को सूचना दी। राजस्थान पुलिस युवती के पिता और अन्य परिजनों को लेकर आज सुबह अल्मोड़ा पहुंची। अल्मोड़ा पुलिस ने दोनों को राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया। राजस्थान पुलिस दोनों को लेकर लौट गई है।