अल्मोड़ा। एसडीएम विवेक राय के नेतृत्व में पुलिस और संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों ने करबला में संयुक्त अभियान चलाकर वाहनों की चैकिंग की। इस दौरान शराब पीकर जीप चलाने वाले चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर वाहन सीज कर लिया और टैक्स चुकाए बगैर चल रहे एक पिकअप को सीज किया गया। अनियमितता मिलने पर दल ने एक दर्जन से अधिक वाहनों का चालान काटा।
एसडीएम विवेक राय, पुलिस उपाधीक्षक अव्वल सिंह रावत, एआरटीओ विमल पांडे ने करबला में वाहनों की आकस्मिक चैकिंग की। एसडीएम ने बताया कि हल्द्वानी की ओर जा रही जीप संख्या यूके 04 टीए/1489 का बनभूलपुरा निवासी चालक अख्लाक अली पुत्र सहनाज अली शराब पिए पकड़ा गया।
मेडिकल कराने के बाद चालक को पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया और जीप सीज कर दी है। इसके अलावा टैक्स नहीं चुकाए जाने पर पिकअप संख्या यूपी 26-9092 से 2600 रुपये जुर्माना वसूलकर वाहन को सीज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बगैर हेलमेट दुपहिया चलाने और अधूरे कागजात पाए जाने पर दस अन्य वाहनों का चालान काटा गया।