अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक के बागपाली गांव में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के कारण पीलिया फैला हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां लोगों के संक्रमित होने के बाद पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा था। जिसकी रिपोर्ट आ गई है। विभाग ने लोगों से दूषित पेयजल का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।
बागपाली गांव पीलिया के कारण एक बच्चे की मौत हो गई है। एक बच्ची को अल्मोड़ा में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने पीलिया संक्रमण अधिक न फैले इसलिए 40 लोगों की जांच की थी। जिसमें 14 लोगों में हुई हेपेटाइटिस-ए और टाइफाइड की पुष्टि हुई है। विभाग की टीम लोगों को दिक्कत न हो इसलिए गांव जाकर लगातार उनका स्वास्थ्य चेकअप कर रही है और उन्हें दवा उपलब्ध करा रही है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. कमलेश जोशी ने बताया कि संक्रमित मरीजों की जांच के बाद 14 लोगों में हेपेटाइटिस-ए और टाइफाइड की पुष्टि हुई है।