अल्मोड़ा। क्वारब की पहाड़ी से बोल्डर गिरने से पहाड़ के तीन जिलों की लाइफलाइन अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर शुक्रवार सुबह आधा घंटा यातायात पूरी तरह ठप रहा। एनएच खंड ने जेसीबी से बोल्डर हटाकर यातायात सुचारू कराया।
शुक्रवार की सुबह बोल्डर आने से अल्मोड़ा से हल्द्वानी जाने और हल्द्वानी से अल्मोड़ा आने वाले वाहनों को क्वारब पुल के आरपार रोक दिया गया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक एनएच पर यातायात बाधित रहा। यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्वारब की समस्या और कैंची में जाम के चलते वाहन गंतव्य में निर्धारित समय पर नहीं पहुंच पाए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि जेसीबी लगाकर बोल्डर हटा कर एनएच को यातायात के लिए खोला गया।