भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। रामनगर-बदरीनाथ मुख्य मोटर मार्ग पर भूमिया मंदिर मोड़ पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्गों पर वाहनों को आड़े-तिरछे खड़ा कर देने से आए दिन जाम लग रहा है। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे नगर पंचायत भिकियासैंण के भूमिया मंदिर मोड़ से ब्लॉक कार्यालय मोड़ तक लंबा जाम लग गया।
जाम खुलवाने के लिए स्थानीय व्यापारियों और वाहनों के चालकों ने काफी प्रयास किया। करीब आधा घंटे बाद जाम खुल सका। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत का स्थायी टैक्सी स्टैंड नहीं होने से मुख्य मार्गों पर ही वाहन खड़ा करना मजबूरी है। इस मार्ग पर प्रति दिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। रामनगर से कर्णप्रयाग, जोशीमठ, बदरीनाथ और कुमाऊं के द्वाराहाट, सोमेश्वर, बागेश्वर आदि जगहों को जाने वाला मार्ग है।