प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में शिवरात्रि पर्व पर लगी श्रद्धालुओं की लाइन।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। पूरे साल में महाशिवरात्रि पर्व के दिन ही जागेश्वर धाम पूरी रात श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है। मंदिर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष गोविंद गोपाल ने बताया कि शिवरात्रि के अलावा पूरे साल में किसी अन्य दिन मंदिर पूरी रात खुला नहीं रहता। जागेश्वर के लिए आज का दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि शिवरात्रि पर रात में जागेश्वर मंदिर के परंपरागत 21 पुजारी परिवारों की ओर से जागनाथ मंदिर में महाभोग और महापूजा की गई। रात 11 बजे बाद महाभोग और महापूजा हुई।
कई लोग इस विशेष पूजा के दर्शन के लिए मंदिर में पहुंचे। शिवरात्रि पर ही निसंतान महिलाएं मंदिर में पूरी रात हाथ में दीपक लेकर तपस्या करती रहीं। मंदिर प्रबंधन समिति के प्रबंधक भगवान भट्ट और उपाध्यक्ष गोविंद गोपाल ने बताया कि रात में होने वाली महाभोग पूजा और अन्य कार्यक्रमों की तैयारी पूरी हो चुकी है। शिवरात्रि पर पूरे दिन मंदिर प्रबंधन समिति के लोग व्यवस्थाएं बनाने में जुटे रहे।