आईटीबीपी के बिमौला कैंप में परेड में शामिल जवान।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। माउंटेन ड्राइविंग स्कूल भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के बिमौला कैंप, कोसी में आईटीबीपी का 59 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। उप महानिरीक्षक सतपाल ने ध्वजारोहण कर परेड सलामी ली। उन्होंने बल के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवान विभिन्न क्षेत्रों में ड्यूटी का जिम्मेदारी से निर्वहन कर रहे हैं। बल के जवान सजगता, ईमानदारी से कार्य कर देश के विकास में योगदान रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आईटीबीपी का तीन वाहिनियों के साथ 24 अक्तूबर 1962 को गठन हुआ। शुरुआत में बल को बार्डर ड्यूटी दी गई। बाद में बल के विस्तार के साथ ही जिम्मेदारियां भी बढ़ती गईं। बल को बैंकों, वीवीआईपी, वीआईपी सुरक्षा, देश की आंतरिक सुरक्षा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और भारतीय दूतावासों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई। जिसे बल के हिमवीर बखूबी निभा रहे हैं। किसी भी प्रकार की कोई भी शिकायत सरकार को प्राप्त नहीं हुई। निष्ठापूर्वक कार्य करने से बल आज नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
इस अवसर पर पांच से दस साल तक के बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता के अलावा तंबोला और लक्की ड्रा का भी आयोजन किया। जिसमें बच्चों, अधिकारियों और जवानों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। समारोह में उप सेनानी (परिवहन) हरमिंदर सिंह, सहायक सेनानी (परिवहन) राकेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।