अल्मोड़ा। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के बिहार की बेटियों पर हाल में दिए गए विवादास्पद बयान पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। कहा कि साहू न तो भाजपा के हैं और न ही वह उत्तराखंड के हैं। ऐसे में उनके बयान को देवभूमि से जोड़ना उचित नहीं है। जो जैसा सोचता है, वह वैसा ही बोलता है।
हाल में ही जिले के दौलाघट में भाजपा के एक कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू ने बिहार की बेटियों को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। सोशल मीडिया पर उनका यह बयान वायरल हो गया। इस बयान से गरमाई राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। अब केंद्रीय राज्यमंत्री टम्टा ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया जताई है। शुक्रवार को पार्टी के कार्यक्रम में अल्मोड़ा पहुंचे टम्टा ने मीडिया से बातचीत की। गिरधारी लाल साहू के बयान पर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से ही मैंने भी वीडियो देखा, उसमें जो भी बोला गया है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। देवभूमि से ऐसी आवाज नहीं जा सकती है। भाजपा के वरिष्ठ नेता टम्टा ने कहा कि मेरी जानकारी के हिसाब से साहू हमारी पार्टी के व्यक्ति नहीं हैं। पार्टी ही नहीं वह उत्तराखंड के व्यक्ति भी नहीं हैं। जब वह इस प्रदेश और पार्टी के नहीं हैं तो उनके बयान को उत्तराखंड से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उत्तराखंड देवभूमि है। यहां के लोग अच्छे हैं। मैं किसी के इतिहास को नहीं जानता हूं। अगर कोई इस तरह की बातें बोलता है तो प्रदेश की बदनामी होती है। टम्टा ने कहा कि जो जैसा सोचता है, वह वैसा ही बोलता है।