लाखों लोगों की आस्था के केंद्र चितई ग्वल देवता मंदिर में नए साल से शादी करना महंगा हो जाएगा। मंदिर समिति ने पंजीकरण शुल्क 200 से बढ़ाकर 400 करने का फैसला किया है। सफाई के लिए ली जा रही 100 रुपये की रकम में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। हिंदू नववर्ष से यह दरें प्रभावित हो जाएंगी। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि मंदिर अब सीसीटीवी कैमरे की निगहबानी में रहेगा।
प्रसिद्ध ग्वल देवता मंदिर में इस बार सहालग सीजन के दौरान नवंबर-दिसंबर में 69 विवाह कार्यक्रम संपन्न हुए। चितई मंदिर समिति के बनाए नियमों के तहत बिना आधार कार्ड के यहां विवाह पर पाबंदी है। रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार कार्ड नहीं दिखाने पर इस बार करीब 20 से 25 लोगों को लौटाया गया। पिछले दिनों एसडीएम के निर्देश पर मंदिर समिति की बैठक में अगले साल हिंदू नव वर्ष से विवाह के लिए पंजीकरण शुल्क बढ़ाने पर सहमति बनी। अब तक दो सौ रुपये पंजीकरण शुल्क और सौ रुपये सफाई शुल्क देय था। मंदिर समिति ने मंदिर परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया है। मंदिर में पिछले छह सालों से रंग रोगन भी नहीं किया गया है। इसके लिए इस बार करीब 2.50 लाख का आगणन प्रशासन को भेजने पर सहमति बनी।
चितई मंदिर में होने वाले विवाह के लिए पंजीकरण शुल्क हिंदू नव वर्ष से बढ़ा दिया जाएगा। इसके अलावा मंदिर में सीसीटीवी लगाने के लिए प्रशासन के पास प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
हरि विनोद पंत, चितई मंदिर समिति कोषाध्यक्ष