अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में स्ववित्तपोषित बीएससी की सीटों पर धांधली की शिकायतों को लेकर परिसर प्रशासन की ओर से पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी गई है। कमेटी को एक माह के भीतर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। कमेटी जांच रिपोर्ट निदेशक कार्यालय को उपलब्ध कराएगी।
एसएसजे परिसर में पिछले दिनों बीएससी में स्ववित्तपोषित सीटों पर छात्रों ने धांधली का आरोप लगाया था। उन्होंने परिसर निदेशक को ज्ञापन सौंपकर इसकी जांच की मांग की थी। इधर परिसर निदेशक प्रो. नीरज तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। कमेटी में प्रो. विजया रानी ढौंडियाल, प्रो. पुष्पा अवस्थी, प्रो. बीपी सिंघल, प्रो. जेएस बिष्ट, डॉ. बीसी जोशी शामिल हैं। निदेशक प्रो. तिवारी ने बताया कि जांच कमेटी कुमाऊं विश्वविद्यालय की नियमावली के तहत कक्षाओं के संचालन, नियमावली को कुमाऊं विवि की विद्यापरिषद और कार्यपरिषद से पास कराने की स्थिति जांचेगी। साथ ही कोर्स को यूजीसी और राज्य सरकार की स्ववित्त पोषित नियमावली के तहत चलाया गया या नहीं, स्ववित्तपोषित बीएससी में संचालित प्रत्येक विषयों में कक्षाओं की वास्तविक स्थिति, व्यय के ऑडिट, संबंधित विभाग की ओर से स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्रों के लिए अतिरिक्त प्रयोगशाला सामग्री खरीदने आदि बिंदुओं पर जांच करेगी। निदेशक ने बताया कि कमेटी को एक माह के भीतर सभी बिंदुओं की जांच के बाद रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।