अल्मोड़ा। सीएम आंचल अमृत योजना के अंतर्गत संकुल संसाधन केंद्रों में वितरित किए जा रहे अस्पष्ट तिथि वाले दूध पाउडर के संबंध में प्रशासन सक्रिय हो गया है। डीएम अंशुल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति का गठन कर दिया है।
एसडीएम सदर संजय कुमार ने बताया कि उनके नेतृत्व में एक समिति बनाई गई, जिसने संकुल संसाधन केंद्रों में पहुंचे दूध पाउडर की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जांच समिति मे क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गोविंद प्रसाद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार, जीएम आंचल डेयरी पुष्कर सिंह नगरकोटी शामिल हैं। जीएम आंचल डेयरी पुष्कर सिंह नगरकोटी ने बताया कि अस्पष्ट तिथि वाले सभी दूध पैकेटों को संकुल संसाधन केंद्रों से रिकॉल कर यूसीडीएफ दुग्ध पाउडर निर्माण इकाई रुद्रपुर को वापस भेज दिया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय सयालीधार से प्राप्त एक किलोग्राम और 500 ग्राम के दूध पाउडर पैकेटों के नमूने लेकर उन्हें राजकीय खाद्य एवं औषधि विश्लेषण शाला रुद्रपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम संजय कुमार ने जीएम आंचल डेयरी को भविष्य में किसी भी प्रकार के दूध उत्पाद को स्टोर से वितरण से पहले पूरी तरह से लेबलिंग, तिथि और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने सीईओ अंशुल सिंह ने मुख्य शिक्षाधिकारी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और वितरण केंद्रों को खाद्य सामग्री की प्राप्ति से पूर्व लेबलिंग, निर्माण और उपयोग तिथि की सावधानीपूर्वक जांच की जाए और उसका रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से रखा जाए।