एसएसजे परिसर के कार्यवाहक परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट को ज्ञापन सौंपते एबीवीपी कार्यकर्ता।
- फोटो : amar ujala
एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में बीए, बीकॉम, बीएससी तथा एमए, एमकॉम, एमएससी कक्षाओं के सभी सेमेस्टरों की मुख्य परीक्षा के आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल है लेकिन कुमाऊं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट खराब होने से परिसर के सैकड़ों छात्र-छात्राएं आवेदन फार्म नहीं भर पा रहे हैं। इससे छात्र काफी परेशान हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कार्यवाहक परिसर निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजा है।
परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं ने आंतरिक परीक्षा दी है उन्हें अनुपस्थित दिखाने के साथ उनके अंक नहीं दर्शाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने अब तक आंतरिक परीक्षा नहीं दी है उनकी आंतरिक परीक्षा संपन्न कराकर प्रवेश दिए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कई छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम इंटरनेट में प्रदर्शित नहीं है। इस कारण उन्हें प्रवेश नहीं मिल रहा है। कई विद्यार्थियों ने अंतिम सेमेस्टर में प्रयोगात्मक और आतंरिक परीक्षाएं दी हैं लेकिन उनके अंक नहीं दर्शाएं गए हैं। उन्होंने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में दीपक उप्रेती, नीरज बिष्ट, योगेश जोशी, नवनीत बिष्ट, गोकुल मेहरा, अजय बिष्ट, अनिल टम्टा, आशीष सनवाल, राहुल गड़िया, विक्की पोखरियाल, प्रशांत बोरा, अनुज जोशी, सूरज बहुगुणा आदि मौजूद थे। इधर प्रभारी परिसर निदेशक प्रो.जेएस बिष्ट ने बताया कि छात्रों का ज्ञापन परीक्षा नियंत्रक को भेज दिया गया है।