बागेश्वर। डीएम आकांक्षा कोंडे ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए अस्पताल के सामने के अनुपयोगी भवन को ध्वस्त करने को कहा। एसडीएम को नियमित अंतराल पर अस्पताल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम कोंडे ने ओपीडी, इमरजेंसी रूम, प्रसूति व लेबर रूम, दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, नेत्र रोग कक्ष, बाल चिकित्सा वार्ड, जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं के स्टॉक रजिस्टरों की जांच की। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकाें, सपोर्टिंग स्टाफ, दवाइयों के स्टॉक, मेडिकल उपकरणों, एंबुलेंस की जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल में बिजली की तारों की पैनलिंग, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने को कहा। क्यूआर कोड रिसीप्ट मशीन की मांग पर जरूरी कार्रवाई करने, नव-निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पद भरने के लिए शासन स्तर से मांग की जाएगी। वहां एसडीएम प्रियंका रानी, डॉ. कुमार आदित्य तिवारी थे।