जागेश्वर (अल्मोड़ा)। प्रसिद्ध जागेश्वरधाम में स्थित प्राचीन ऐरावत गुफा का कायाकल्प करने के लिए पहल शुरू हो गई है और प्रशासक/तहसीलदार बरखा जलाल की मौजूदगी में पुरातत्व विभाग की टीम ने गुफा का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी व स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। तहसीलदार भनोली बरखा जलाल ने इस धरोहर की सफाई करने पर जोर दिया। इसके लिए स्थानीय लोगों व मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा संयुक्त प्रयास किया जाना चाहिए। गुफा को सड़क से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण, गुफा में विद्युतीकरण, साफ-सफाई, भैरव कुंडों की सफाई के साथ आवश्यक अन्य सौंदर्यीकरण कार्य होंगे। क्षेत्रीय पुरातत्व विभाग के डाॅ. चंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस टापू के चारों ओर बैठने की उचित व्यवस्था बनाकर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाया जा सकता है। वहां पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, पुजारी प्रतिनिधि नवीन चंद्र भट्ट, पूर्व प्रबंधक भगवान भट्ट, नारद भट्ट, मोहित भट्ट आदि कई लोग मौजूद रहे।