अभिनेता मिलिंद सोमन के साथ घायल धाविका गरिमा जोशी। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड की घायल धाविका गरिमा जोशी को प्रख्यात सिने अभिनेता मिलिंद सोमन ने हिमालया सुपरवूमेन 10 किमी दौड़ का एंबेसडर (मैस्कॉट) नियुक्त किया है। बता दें कि मिलिंद सोमन महिला सशक्तीकरण को लेकर तमाम तरह की गतिविधियों का आयोजन करते हैं। घायल धाविका के पिता पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि गरिमा ने फोन पर उन्हें एंबेसडर बनने की सूचना दी है। इससे उनके गांव छतगुल्ला में हर्ष की लहर व्याप्त है।
फोन पर घायल धाविका गरिमा जोशी ने बताया कि उन्हें हिमालया सुपरवूमेन 10 किमी दौड़ के लिए मैस्कॉट चुना गया है। सिने अभिनेता मिलिंद सोमन ने सुपर पॉवर वाली महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक सराहनीय प्रयास किया है। इससे हिमालयी क्षेत्र की महिलाओं को और सशक्त होने का अवसर मिलेगा। यह दौड़ 15 मार्च 2020 को होगी।
उन्होंने बताया कि एंबेसडर बनने के बाद भी वह महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में काम करने का प्रयास करेंगी। उन्होंने अभिनेता मिलिंद सोमन का आभार जताया। इधर ग्राम प्रधान प्रेमा जोशी, जिला पंचायत सदस्य अंजू जोशी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पिता पूरन जोशी का आरोप है कि उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की घायल धाविका की सुध नहीं ली, इसीलिए गरिमा ने प्रदेश की टीम से खेलना छोड़ दिया। वर्तमान में गरिमा हरियाणा की व्हील चेयर वालीबॉल की कप्तान हैं।