द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। शहरी विभाग की ओर से नगर पंचायत द्वाराहाट सभागार में बृहस्पतिवार को लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट आत्मनिर्भर निधि योजना की जानकारी दी। इस दौरान फड़ कारोबारियों को शाखा प्रबंधक नैनीताल बैंक अमित सिंह, ग्रामीण बैंक गौरव सिंह अस्मियां, सहकारी बैक मनोज कुमार पांडेय ने पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने और डिजिटल लेनदेन की जानकारियां दीं। इस दौरान अधिशासी अधिकारी जीवन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
सरयू घाट समेत कई जगहों पर की साफ-सफाई
बागेश्वर/कपकोट। स्वच्छता ही सेवा के तहत जिले में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को नगर के सरयू घाट, कपकोट के ब्लॉक परिसर और डिग्री कॉलेज में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सरयू घाट क्षेत्र में डाक अधीक्षक अल्मोडा जीवन सिंह बोरा के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें पालिका कर्मचारियों, फड़ कारोबारियों और वृक्ष पुरुष किशन सिंह मलड़ा, फड़ एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन राम ने भी सहयोग दिया। एसबीआई के शाखा प्रबंधक तारा दत्त जोशी के नेतृत्व में बैंक कर्मियों ने स्टेट बैंक, गोमती पुल क्षेत्र में सफाई की। इस मौके पर स्वजल के सामुदायिक विकास विशेषज्ञ गिरजा शंकर भट्ट ने बताया कि दो अक्तूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान स्वच्छता गोष्ठी आदि कार्यक्रम किए जाएंगे।