निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में जांच कराते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
आयुर्वेद कलमठिया क्लीनिक और अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के सहयोग से रविवार को नगर पालिका परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आयुर्वेद कलमठिया के वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक अनीश विश्वनाधन ने करीब चार दर्जन रोगियों का उपचार किया और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।
डॉ. अनीस ने रोगियों को केरल की आयुर्वेद पद्धति में मुख्य रूप से पंचकर्म थैरेपी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पंचकर्म थैरेपी के माध्यम से कई रोगों का इलाज संभव है। उन्होंने बताया कि बास्ती थैरेपी के अंतर्गत स्पाइन, हड्डी, मसल से संबंधित रोगों और वमन थैरेपी में अस्थमा, माइग्रेन आदि रोगों और विरेचनम थैरेपी से शुगर, केलस्ट्रोल, त्वचा रोग और रक्त संबंधी विकार आदि रोगों का निदान किया जाता है।
शिविर में पहुंचे पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने भी चिकित्सकीय जांच कराई। सुबह से शुरू हुए शिविर में पालिका कर्मचारियों के अलावा स्थानीय लोग काफी संख्या में इलाज के लिए पहुंचे थे। सीनियर कोआर्डिनेटर पूजा मन्सूर ने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी का आभार जताया। इस दौरान आयुर्वेद कलमठिया क्लीनिक की सुनीता, मनीषा, अमल, अनूप, अंशुल और योगेंद्र आदि ने भी सहयोग किया।