रानीखेत (अल्मोड़ा)। मजखाली स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती कोरोना पॉजिटिव महिला से इंटरकॉम फोन पर अभद्रता करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि फोन पर अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल भी किया गया। इस तरह की हरकतों से घबराए परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने यहां तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंप पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार ने मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है।
ज्ञापन में कहा गया है कि चौबटिया निवासी महिला का 24 सितंबर को कोरोना टेस्ट हुआ। 27 सितंबर को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई और उसे कोविड केयर सेंटर वुड्सविला में भर्ती कर दिया गया। आरोप है कि दो अक्तूबर की रात्रि साढ़े 11 बजे इंटरकॉम फोन पर महिला को अंजान व्यक्ति की कॉल आई और कॉलर महिला से अशोभनीय और अभद्र भाषा में बात करने लगा।
इसके बाद वह बार-बार कॉल करने लगा। इससे घबराई महिला ने यह बात अपने परिजनों को बताई, जिससे वह भी चिंतित हो गए। इधर परिजन और स्थानीय संगठनों के लोग यहां तहसील पहुंचे। उन्होंने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दीप जोशी के माध्यम से तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। कहा है कि कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मरीज को परिवार से दूर रखा जाता है, लेकिन उसकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने महिला की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के इंतजाम करने की मांग की।