अल्मोड़ा। नगर के बाजारों में इन दिनों पहाड़ी आड़ू की बहार देखने को मिल रही है। स्थानीय फल विक्रेताओं की दुकानों पर ताजे और रसीले आड़ू बिक्री के लिए पहुंचे हैं। पहाड़ की जलवायु में प्राकृतिक रूप से तैयार होने वाले आड़ू स्वाद और गुणवत्ता के कारण गर्मी में लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं।
जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों से किसान प्रतिदिन बाजार पहुंचकर अपने उत्पाद बेच रहे हैं। स्थानीय बाजार में आड़ू 40 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जिससे किसानों सहित दुकानदारों की आय में बढ़ोतरी हुई है। फल विक्रेता ललित कार्की ने बताया कि पहाड़ी आड़ू की मांग स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों में भी बढ़ी है। स्वादिष्ट और रसायन मुक्त होने के कारण लोग इन्हें खरीदना अधिक पसंद कर रहे हैं। बाजार में लाल, पीले और हल्के सफेद रंग के आड़ू आए है तो ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।