महासचिव गोपाल चम्याल की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
पूर्व पंजीकृत लोक दलों का ऑडिशन नहीं कराने की मांग
कुमाऊं मंडल के नए दलों का ऑडिशन अल्मोड़ा में कराएं
अमर उजाला ब्यूरो
अल्मोड़ा। पूर्व से पंजीकृत लोक सांस्कृतिक दलों का ऑडिशन नहीं कराने, कुमाऊं मंडल के नए लोक दलों का ऑडिशन अल्मोड़ा में कराने की मांग को लेकर कुमाऊं लोक कलाकार महासंगठन के महासचिव गोपाल सिंह चम्याल का चौघानपाटा गांधी पार्क में आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के समर्थन में कई लोक कलाकार और रंगकर्मी धरने पर बैठे।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि आठ से दस जुलाई तक पूर्व पंजीकृत लोक दलों का ऑडिशन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने देहरादून में तय किया है। जो कि राज्य की भौगोलिक परिस्थिति और बरसात के मौसम को में उचित नहीं है। पूर्व में पंजीकृत दलों का ऑडीशन कराने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के पेशेवर कलाकार पूर्व से ही पंजीकृत दलों से जुड़े हैं। जिनकी आजीविका केवल लोक कला है।
उनका आरोप है कि ऑडिशन कराकर अनुसूचित जाति के पेशेवर लोक कलाकारों को बाहर का रास्ता दिखाने की साजिश की जा रही है। मांग उठाई कि कुमाऊं मंडल के नए लोक दलों का ऑडिशन अल्मोड़ा में उदयशंकर नाट्य अकादमी भवन में कराया जाए। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर लोक कलाकारों ने परंपरागत पोशाक और वाद्य यंत्रों के साथ छोलिया नृत्य की विभिन्न विधाओं का भी प्रदर्शन किया। आंदोलन के समर्थन में रंगकर्मी दयानंद कठैत, महासंगठन के अध्यक्ष शेखर जोशी, विनोद कुमार, नरेश कुमार, नरेश सिंह, बची राम, राजेेंद्र प्रसाद आर्या, सामाजिक कार्यकर्ता प्रतेश पांडे, सुशील साह, सभासद राजेंद्र तिवारी, धीरेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस पीसीसी सदस्य हर्ष कनवाल, संजय सिराड़ी, दीवान राम, रमेश राम, आनंद रावत, दर्शन कुमार, राहुल कुमार, रघुनाथ आर्या, विनय कश्यप, किशन राम, मोहन राम, संगीता सिराड़ी आदि धरने पर बैठे।
..............
फोटो- 07एएलएम01पी