एनटीडी-कपड़खान सड़क में गत माह किया गया हॉटमिक्स उखड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी ने सड़क के डामरीकरण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग उठाई है और आंदोलन की चेतावनी दी है।
एनटीडी-कसारदेवी-कपड़खान सड़क 10.38 किमी लंबी है। यह सड़क लंबे समय से बदहाल बनी हुई थी। पिछले दिनों लोनिवि आपदा खंड ने सड़क के कुछ हिस्से में डामर शुरू किया, लेकिन एक माह बाद ही सड़क का डामर उखड़ने लगा है। भाजपा ने सड़क के डामरीकरण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल ने आरोप लगाया है कि सड़क में एनटीडी से एक किमी और कपड़खान से 1.38 किमी हिस्से में डामर नहीं किया जा रहा है। मात्र आठ किमी हिस्से में ही हॉटमिक्स किया जा रहा है।
पिछले दिनों किया गया डामर भी कई स्थानों पर उखड़ गया है। उन्होंने धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा है कि हॉटमिक्स कार्य में मानकों का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
भाजपा ने कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने, सड़क के पूरे हिस्से में डामर करने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो जनता को साथ लेकर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।