नासूर बन चुकी यातायात अव्यवस्था को सुधारने के लिए अब पुलिस, प्रशासन, कैंट प्रशासन ने संयुक्त पहल की है। व्यापारियों की गुहार के बाद एसडीएम एपी बाजपेयी ने बृहस्पतिवार को संयुक्त बैठक बुलाई है।
इन दिनों पर्यटन सीजन चल रहा है। इसके बावजूद मुख्य बाजार की यातायात अव्यवस्था काबू में नहीं आ रही है। रोज लग रहे जाम ने पर्यटन नगरी की साख पर बट्टा लगा दिया है। पहले वर्षों तक नगर में वन वे व्यवस्था लागू हो जाती थी, लेकिन इस बार यह व्यवस्था भी नहीं है।
बड़े वाहन बाजार से होकर गुजर रहे हैं, जिस कारण जाम लग जा रहा है। पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले कैंट प्रशासन ने बाजार में अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन यह आश्वासन पूरी तरह से हवाई साबित हुए हैं। रही सही कसर फड़, रेहड़ी व्यापारियों ने पूरी कर दी है।
व्यापार संघ जिलाध्यक्ष मोहन नेगी और नगर अध्यक्ष यतीश रौतेला ने बताया कि अव्यवस्था को सुधारने के लिए कई बार पुलिस, प्रशासन को पत्र भेजे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि इस बारे में एसडीएम ने पहल की है तो नियमों का कड़ाई से पालन कराना चाहिए।