विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि विकास में पंचायतों की अहम भूमिका है। बैठकों में सामूहिक जिम्मेदारी के साथ दीर्घकालिक लाभ की योजनाएं तैयार की जाएं। कुंजवाल ने लमगड़ा ब्लाक के राम सिंह धौनी सभागार में ग्राम प्रधान संगठन के पंचायत राज सम्मेलन और सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
कुंजवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने 73 संविधान संशोधन के जरिए पंचायतों को महत्वपूर्ण अधिकार दिए। पंचायतों में संविधान प्रदत्त आरक्षण की व्यवस्था से सभी वर्गों को समाज का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायतें विकास की धुरी हैं। ग्र्रामीण खुली बैठकों में क्षेत्र के विकास की दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करें।
कुंजवाल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को दलगत भावना और स्वार्थों से ऊपर उठकर गरीबों के उत्थान को काम करना चाहिए। पंचायत प्रतिनिधियों ने बजट कम मिलने और अधिकारों में कटौती की शिकायत की। कुंजवाल ने कहा कि शिकायत को सरकार के संज्ञान में लाकर समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
विशिष्ट अतिथि जलागम समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुंजवाल ने लमगड़ा ब्लाक का जलागम परियोजना में चयन कराने का आश्वासन दिया। ब्लाक प्रमुख कमला आर्या ने अध्यक्षता, संचालन दीपक मलाड़ा ने किया।
इस मौके पर ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष शिव राम आर्या, दीवान सतवाल, हेमा रावत, कुंवर सिंह, मनोज रावत, पनी राम, मोहन नगरकोटी, आनंद आर्या, सुंदर बगड़वाल, बची सिंह, प्रकाश आर्या, हरीश डसीला, सुनील जोशी, आनंद आर्या, गोपाल दत्त जोशी, अनिल चम्याल आदि थे।