भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। यहां हीरानंद आश्रम में जन्माष्टमी के दिन से शुरू हुआ श्री कृष्ण मेला रविवार को संपन्न हुआ। इससे पहले श्री कृष्ण डोले, विशेष झांकियों के साथ नौपलिया में विसर्जित किया गया। डोले के पीछे राधा कृष्ण, शिव पार्वती आदि झांकियां चल रही थी जबकि पुरुषों, महिलाओं की अलग कीर्तन मंडली की टीमों ने लोगों को खूब प्रभावित किया। शनिवार को श्री कृष्ण जन्म पर मंदिर परिसर में व्यास नंदाबल्लभ पंत ने गीता प्रवचन कर माहौल को कृष्णमय बना दिया।
सुबह ब्राह्मणों ने विशेष पूजा, अर्चना के बाद रात में भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। तब से मंदिर परिसर में लगातार महिलाओं के भजन, कीर्तन गाते चल रहे थे। मंदिर परिसर से शुरू हुआ डोला बाजार के तीनों मार्गों से होता हुआ नौपलिया में विसर्जित कर दिया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने डोले की पूजा, अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर कमेटी के सदस्य केएन खुल्बे, गोपाल नैनवाल, हरीश भट्ट, देवेंद्र छिम्वाल, दिनेश पंत ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।