स्याल्दे (अल्मोड़ा)। देघाट बाजार में संचालित आजम डेंटल क्लीनिक लैब पर बीते बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापा मारा। तहसीलदार आबिद अली और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देघाट के चिकित्साधिकारी डॉ. एसके विश्वास के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध क्लीनिक संचालकों में खलबली मच गई। टीम ने क्लीनिक के दस्तावेज की गहन जांच की जिसमें बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने डीएम से क्लीनिक के अवैध संचालन की शिकायतें की थीं। ग्रामीणों ने इसे जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कार्रवाई की मांग उठाई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिना योग्यता और वैध लाइसेंस के चल रहे डेंटल क्लीनिक गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं।इससे पहले भी राहुल खान डेंटल और अपोलो डेंटल लैब के खिलाफ विभागीय जांच में अनियमितताएं मिलने पर उन्हें बंद कराया जा चुका है। इसके बावजूद बिना वैध अनुमति और आवश्यक योग्यता के ऐसे केंद्रों के संचालन के मामले सामने आ रहे हैं।
कोट
जांच के दौरान क्लीनिक में कई तरह की अनियमितताएं पाई गई हैं। क्लीनिक संचालक को सख्त चेतावनी दी है कि जब योग्य डॉक्टर मौजूद हों तभी इस क्लीनिक को खोला जाए। अन्यथा इसे पूरी तरह बंद कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है। - डॉ. एसके विश्वास, चिकित्साधिकारी, सीएचसी देघाट