सोमेश्वर में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस पदाधिकारी।
- फोटो : ALMORA
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। ब्लाक कांग्रेस कमेटी सोमेश्वर ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर का उच्चीकरण करने और सोमेश्वर में महिला बेस अस्पताल खोलने की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार अक्षय भट्ट के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में कहा है कि लंबे समय बाद भी पीएचसी सोमेश्वर का उच्चीकरण नहीं हुआ है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे मशीन और पैथोलाजी खोलने की मांग अधर में लटकी हुई है। इस संबंध में पूर्व में धरना प्रदर्शन भी किया गया था। तब शासन प्रशासन ने तीन माह का समय मांगा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं सोमेश्वर में पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी महिला बेस अस्पताल खोलने के मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। चेतावनी दी है कि यदि मार्च माह के अंत तक इस संबंध में प्रगति नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी धरना प्रदर्शन करने के साथ ही चक्काजाम को भी बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष किशोर नयाल, बालम भाकुनी, राजू भट्ट, प्रकाश खाती, प्रकाश बिष्ट, सुंदर बिष्ट, राजेश गोस्वामी आदि शामिल रहे।