अल्मोड़ा। रानीधारा क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि 17 अक्तूबर की रात उसके पति और ससुर ने नशे की हालत में उसे पीटा और गाली-गलौज कर अभद्र व्यवहार किया। महिला ने खुद की और अपनी नाबालिग बेटी की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसका पति अनमोल मठपाल (38 वर्ष) बीते कई दिनों से नशे में उसे पीटकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। आरोप है कि घटना वाले दिन उसके ससुर भुवन चंद्र मठपाल (72 वर्ष) ने भी उसे पीटा। इस पर वह अपनी छोटी बेटी को लेकर किसी तरह घर से बाहर भागी। पिटाई में उसकी गर्दन और पीठ पर चोटें आईं हैं। बताया कि इससे पहले 24 जुलाई 2025 को भी उसने महिला थाना अल्मोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी जिस पर पति ने माफीनामा दिया था।
एसएसपी देवेंद्र पींचा का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।