द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विकासखंड के जामड़ गांव में बीते रविवार तेज बारिश के दौरान भू-कटाव की चपेट में आने से एक रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय मकान स्वामी ख्याली राम रसोई में काम कर रहे थे। दीवार गिरने का आभास होते ही वह तुरंत बाहर निकल गए। इससे वह और उनका परिवार हादसे की चपेट में आने से बच गया।
मकान की दीवार गिरने से घर में रखा काफी सामान मलबे में दब गया। ख्याली राम ने रसोई से कुछ सामान बाहर निकाल लिया लेकिन काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार फिलहाल पड़ोसी के घर में शरण लिए हुए है। ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह किरौला ने घटना की सूचना तहसील आपदा कंट्रोल रूम और राजस्व विभाग को दी। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। ग्राम प्रधान ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता देने की मांग की है।