अल्मोड़ा। तीन दिन के लंबे अंतराल के बाद चौथे दिन खुले सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिला अस्पताल में फिजिशियन के न होने से दूर-दराज से आए मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और उन्हें मजबूरन निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ा।
बीते शुक्रवार को गांधी जयंती, शनिवार को अष्टमी और रविवार की साप्ताहिक छुट्टी के चलते ओपीडी सेवाएं पूरी तरह ठप थीं। तीन दिनों तक इलाज न मिलने के कारण चौथे दिन सोमवार सुबह से ही जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल में मरीजों की भीड़ लग गई। जिला अस्पताल में उस वक्त स्थिति और खराब हो गई जब दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को पता चला कि फिजिशियन डॉ. रितु खनी अवकाश पर हैं। इसके चलते गंभीर रूप से बीमार मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़े। अस्पताल परिसर में रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर दवा वितरण कक्ष तक मरीजों को काफी देर तक कतार में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। ओपीडी में 600 से अधिक मरीज पहुंचे। दूसरी ओर बेस अस्पताल में भी सुबह से ही मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर तक ओपीडी का आंकड़ा 500 पार कर चुका था। अस्पताल पहुंचे अधिकतर मरीज इन दिनों चल रहे मौसमी बुखार, खांसी, जुकाम और पेट दर्द की शिकायतों से पीड़ित थे।
बोले मरीज
सोचा आज डॉक्टर साहब को दिखा लाऊं। जिला अस्पताल पहुंचा तो हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष में मरीजों की भीड़ थी। कतार में खड़े रहते 20 मिनट से अधिक हो गए हैं। इस कारण पैरों में दर्द होने लगा है। -मोहन सिंह सिजवाली, सांगड़
पर्चा काउंटर में सुबह से ही मरीजों की कतार है। अचानक भीड़ बढ़ने से मरीजों को इंतजार करना पड़ा जिससे दूरस्थ स्थानों से आए मरीजों को दिक्कतें हुईं। -हरीश पांडे, अंडोली
अवकाश के बाद अचानक भीड़ बढ़ना स्वाभाविक था। व्यवस्थाओं को सुचारू रखने और सभी मरीजों को दवा और परामर्श उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए। बदलते मौसम में मरीजों को खान-पान का ख्याल रखना चाहिए। -डॉ. एचसी गड़कोटी, पीएमएस जिला अस्पताल अल्मोड़ा