अल्मोड़ा। जिले के 11 विकासखंडों में मौन पालन से किसानों की तकदीर बदलेगी। उद्यान विभाग 80 प्रतिशत सब्सिडी पर किसानों को मौन बॉक्स उपलब्ध कराएगा।
योजना के अस्तित्व में आने से 200 किसान स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनेंगे। वहीं जंगली जानवरों की दहशत के खेती से मुंह मोड़ रहे किसानों के लिए मौन पालन आय का नया जरिया बनेगा। किसानों को मौन पालन से जोड़ने के लिए विभाग के 35 लाख रुपये खर्च करेगा।
जिले के 11 ब्लॉकों के किसानों को मौन पालन से जोड़ने के लिए उद्यान विभाग जिला योजना के तहत 35 लाख रुपये उन्हें मौन बॉक्स उपलब्ध कराएगा। योजना के तहत 49 गांव के 200 किसानों को मौन पालन से जोड़ा जाएगा। इसमें 10 यूनिट तैयार कर 200 किसानों को बॉक्स दिए जाएंगे।
विभाग 80 फीसदी राज्य सहायता पर उन्हें बॉक्स देगा। इसके साथ ही किसानों को मधुमक्खी पालन की बारीकियां सिखाकर उन्हें आवश्यक उपकरण भी देगा। मधुमक्खी पालन कर शहद का उत्पादन कर एक ओर जिले के किसानों की आर्थिकी मजबूत होगी।
वहीं मधुमक्खियों के फसलों के परागण में वृद्धि करने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। गांव में रोजगार के साधन मौजूद होंगे तो बढ़ते पलायन पर भी रोक लगेगी।