जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने कौसानी और गरुड़ क्षेत्र के होम स्टे और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना की इकाईयों का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने सभी होम स्टे स्वामियों को पेइंग गेस्ट हाउस के बोर्ड निकालकर होम स्टे का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।उन्होंने विजिटर बुक, अग्निशमन यंत्र सहित सभी मानकों को पूरा करने को कहा।
जिला पर्यटन अधिकारी ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना से लाभान्वित इकाईयों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के अंतर्गत स्थापित होटल, मोटल, गेस्ट हाउस, लॉज उद्यमियों से कहा कि यदि कोई भी इकाई गैर वाणिज्यिक कार्यों में पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर होटल, मोटल, गेस्ट हाउस, लॉज, रेस्टोरेंट स्वामियों को पार्किंग व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अनापत्ति प्रमाण पत्र रखने को कहा।
उन्होंने पर्यटन विभाग के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी किया। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि गरुड़ में सुलभ शौचालय बंद पाया गया। इसे सुलभ इंटरनेशनल को संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें इसके प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर उनके साथ कैलाश सिंह कन्याल, दीपा देवराड़ी आदि मौजूद थे।