सर्व दलीय महिला होली दल की ओर से नंदादेवी मंदिर परिसर प्रांगण में महिला होली आयोजित हुई। होली का शुभारंभ वरिष्ठ रंगकर्मी शिवचरण पांडे और शंकर लाल शाह ने किया। उन्होंने कहा कि रंगों का पर्व होली उमंग और उत्साह का प्रतीक है। इस समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने में महिलाओं का अहम योगदान है।
नंदादेवी मंदिर परिसर में नगर के विभिन्न मोहल्लों से पहुंची महिलाओं ने ‘सिद्धि को दाता विघ्न विनाशन, होली खेलें गिरिजापति नंदन’ आदि के साथ ही परंपरागत होली गीत गाए। इसके बाद उन्होंने ‘ओ अल्मोड़े की नंदादेवी मैया, हम ऐयां तेरो द्वारा, मैय्या खोलो किवाड़ा’ और ‘खोल दे माता खोल भवानी धार में किवाड़ा’ आदि झोड़ा गीत और नृत्य किया। कार्यक्रम को देखने को काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
महिलाओं ने सभी को अबीर-गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी। होली कार्यक्रम में लोगों को आलू के गुटके और गुड़ का प्रसाद बांटा गया। सभासद विद्या बिष्ट ने सभी का आभार जताया। लोक गायिका लता पांडे और विमला बोरा ने लोक गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोहा। इस मौके पर कोषाध्यक्ष मीना भैंसोड़ा, सचिव किरन पंत, लीला बोरा, लक्ष्मी बोरा, प्रीति बिष्ट, लक्की वर्मा, बीना नयाल, नर्मदा तिवारी, लता तिवारी, राधा बिष्ट, गीता मेहरा, दीपा त्रिपाठी, सुशीला साह, रचना धपोला, सोनिया कर्नाटक आदि ने हिस्सा लिया।