स्मैक के साथ पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर आमिर खान।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। एसओजी और कोतवाली पुलिस की टीम ने 29 वर्षीय एक हिस्ट्रीशीटर को 12 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। शातिर अपराधी पूर्व में भी कई बार जेल की हवा खा चुका है।
ऑपरेशन नया सवेरा के तहत बीते मंगलवार को एसओजी और कोतवाली पुलिस की टीम ने सर्विलांस की मदद से हिस्ट्रीशीटर आमिर खान पुत्र असलम खान निवासी जोशीखोला राजपुरा अल्मोड़ा को चीनाखान से 12 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
संयुक्त टीम ने पुलिस उपाधीक्षक वीर सिंह की मौजूदगी में आमिर हुसैन की तलाशी ली। एसओजी प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर के पास इलेक्ट्रॉनिक तराजू और स्मैक बेचकर कमाए हुए 12 हजार रुपये भी बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। टीम में उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, दीपक खनका एसओजी, सौरभ भारती, त्रिलोक सिंह शामिल थे।