अल्मोड़ा। 15 मार्च को अल्मोड़ा में होली खेली जाएगी लेकिन केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को परीक्षा देने जाना पड़ेगा। होली के दौरान बाजार, मोहल्लों और रास्तों में होली का हुडदंग रहता है। इससे परीक्षार्थियों के साथ ही शिक्षक और अभिभावक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
मैदानी इलाकों में जहां होली 14 मार्च को है, वहीं अल्मोड़ा समेत कुमाऊं के अन्य क्षेत्रों में 15 मार्च को होली (छलड़ी) मनाई जा रही है। मैदान और पहाड़ में होली पर्व की दो तिथियां होने से असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सीबीएसई की ओर से पूरे देश में परीक्षा का एक कैलेंडर जारी किया गया है। 14 मार्च को देश के अधिकांश हिस्सों में होली के चलते उस दिन परीक्षा नहीं रखी गई है। कुमाऊं मंडल में होली 15 मार्च को है। इस दिन इंटरमीडिएट के हिंदी प्रश्न पत्र की परीक्षा होनी है। इसके लिए वैसे सीबीएसई ने दोबारा पेपर देने का विकल्प दिया है। अभिभावक पूरन सिंह बिष्ट ने कहा कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जानी चाहिए ताकि बच्चे सुरक्षित आवाजाही कर सकें। जिला कोऑर्डिनेटर सीबीएसई (अल्मोड़ा) कमलेश जोशी ने बताया कि 15 मार्च को इंटरमीडिएट के हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा है।