लोगों ने ट्रांसफार्मर की खराबी को दूर करने की मांग उठाई
चौखुटिया(अल्मोड़ा)। यूपीसीएल का लापरवाही की मार मासी के फूलेरिया के ग्रामीणों को सहनी पड़ी है। लंबे समय से ट्रांसफार्मर की खराबी को दूर नहीं किया गया। ऐसे में हाई वोल्टेज से लोगों के बिजली उपकरण फुंक गए।
ग्राम प्रधान कमला फूलोरिया ने बताया कि शुक्रवार को हाई वोल्टेज से कई घरों में बिजली उपकरण फुंक गए। टीवी, फ्रिज, एलईडी बल्ब, सेट टॉप बॉक्स, वॉशिंग मशीन सहित अन्य उपकरण फुंकने से ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ है। बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति करने के लिए स्थापित ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब है। सिंगल फेज के सहारे बिजली आपूर्ति हो रही है, इससे आए दिन हाई वोल्टेज की समस्या हो रही है। ऐसे में कभी भी घरों में शॉर्ट सर्किट से बड़ी घटना हो सकती है, लेकिन यूपीसीएल ट्रांसफार्मर की खराबी को दूर नहीं कर रहा है। उन्होंने यूपीसीएल से प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की है। इधर, यूपीसीएल के एसडीओ अरुण कुमार ने कहा कि फूलोरिया में हाई वोल्टेज से उपकरण फुंकने की सूचना मिली है। टीम मौके पर भेजी गई है। ट्रांसफार्मर में खराबी होगी तो इसे बदला जाएगा।