मंगलवार शाम को हाईवोल्टेज आने से नगर के खत्याड़ी में कई लोगों के टीवी, एलसीडी, चार्जर विद्युत मीटर, एलईडी फुंक गए हैं। इससे उपभोक्ताओं को करीब डेढ़ लाख से अधिक रुपये का नुकसान हुआ है। उपभोक्ताओं ने निगम से मुआवजा देने की मांग की है।
खत्याड़ी स्थित लोअर माल रोड में विद्युत ट्रांसफार्मर लगा है। गत मंगलवार की शाम सात बजे इस ट्रांसफार्मर से जुड़े उपभोक्ताओं के घरों में हाईवोल्टेज बिजली आ गई। इससे कई उपभोक्ताओं के टीवी, एलसीडी, चार्जर विद्युत मीटर, एलईडी आदि विद्युत उपकरण फुंक गए हैं।
खत्याड़ी के क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद सिंह कनवाल ने बताया कि वीरेंद्र सिंह की टीवी, हर सिंह की टीवी, एलईडी, पान सिंह की टीवी, महेंद्र सिंह की टीवी, चार्जर, सीएफएल समेत कई उपभोक्ताओं के एलसीडी, एलईडी आदि उपकरण फुंक गए। इससे उपभोक्ताओं को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कनवाल ने ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर उपभोक्ताओं को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्युत लाइन को ठीक कराने की मांग की है।