अल्मोड़ा-खैरना सड़क के निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा बढ़ती महंगाई को रोकने, घरेलू गैस की सब्सिडी जारी रखने और शराब की दुकानों को हाइवे किनारे पुन: खुलवाने के निर्णय को वापस लेने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार एक के बाद एक जन विरोधी निर्णय लेकर जनता के हितों पर कुठाराघात कर रही है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा-खैराना मोटर मार्ग पर कार्यदायी संस्था एनएच और ठेकेदार की घोर लापरवाही से पहाड़ कटान के कारण इस सड़क पर सात से अधिक मौतें हो चुकी हैं। उन्होंने सड़क के चौड़ीकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के शिक्षक विहीन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति करने, घरेलू गैस की सब्सिडी को जनहित में जारी रखने, शराब की अवैध तस्करी समेत स्मैक, ड्रग्स आदि पर उचित रोक लगाने की भी मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, दीप डांगी, हेम तिवारी, लता तिवारी, विनोद वैष्णव, त्रिलोचन जोशी, लीला जोशी, राधा बिष्ट, मदन डांगी, भूपेंद्र भोज आदि हैं।