अल्मोड़ा। कोरोना काल के साथ ही मानसून काल में भी पुलिस की मिशन हौसला पहल जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है। मिशन हौसला के तहत भतरौंजखान पुलिस ने गोद लिए एकल बुजुर्ग परिवार के घर की टपकती छत में तिरपाल बिछाई। आठ परिवारों को खाद्यान्न समेत राशन भी बांटा गया।
भतरौंजखान के थानाध्यक्ष अनीस अहमद ने कोरोना काल के मद्देनजर पिछले माह 22 परिवारों को चिह्नित कर उन्हें गोद लिया। घर में कोई कमाऊ सदस्य न होने पर एकल बुजुर्ग परिवारों की खाद्य सामग्री, दवाइयां आदि की जिम्मेदारी भी ली है। कुछ परिवारों ने बताया कि इन दिनों भारी बारिश के कारण उनके भवन की छतों से पानी टपक रहा है। इससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ परिवारों को राशन आदि उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया। थानाध्यक्ष ने एसआई ललित दिगारी, कांस्टेबल संदीप और जीवन फुलारा के साथ दो बुजुर्गों के घर जाकर उनकी टपकती छतों पर तिरपाल डाली। तिरपाल लगने के बाद घरों में पानी टपकना बंद हुआ, जिससे उनके चेहरे खिल उठे। आठ परिवारों को राशन और अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। एकल बुजुर्गों ने पुलिस का आभार जताया।