स्याल्दे (अल्मोड़ा)। विकास खंड के सराईखेत गांव के तोक हांसली में बिजली गिरने से भारी नुकसान हो गया। बीते बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे तेज बारिश के दौरान गिरी बिजली से एक मकान में आग लगने से विद्युत लाइन और उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए वहीं आसपास के कई घरों में भी बिजली के उपकरण फुंक गए।
जानकारी के अनुसार हांसली निवासी गोविंद सिंह पुत्र कुंदन सिंह के मकान में मीटर से लेकर वायरिंग, स्विच सहित पूरी विद्युत लाइन जलकर राख हो गई। इसके अलावा आसपास के घरों में टीवी, फ्रिज, पंखे समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
गांव में करीब 35 परिवार निवास करते हैं जहां इस घटना के बाद विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। दूसरे दिन दोपहर एक बजे तक भी बिजली बहाल नहीं हो पाई थी जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय समाजसेवी शिवराज तड़ियाल ने बताया कि इस आपदा से प्रभावित परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह का परिवार पहले से ही सीमित संसाधनों में जीवन यापन कर रहा है ऐसे में यह नुकसान उनके लिए बड़ा झटका है।घटना की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दे दी गई है। तहसीलदार स्याल्दे सुनील दत्त सिमल्टी ने बताया कि मामले का संज्ञान लेकर नुकसान का आकलन किया जाएगा और नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।