जिला अस्पताल अल्मोड़ा के दवा वितरण कक्ष में लगी मरीजों की कतार। संवाद
अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों के न होने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। धूप की तपिश में चर्म और अन्य रोगियों को दूसरे अस्पताल के चक्कर काटने पड़े। दवा वितरण कक्ष से लेकर डॉक्टर कक्ष तक मरीजों की कतार रही।
शनिवार को जिला अस्पताल में दो अस्थि रोग विशेषज्ञ में से डॉ. अविनाश कैंप ड्यूटी पर गए थे जबकि डॉ. पीके मेहता अस्पताल में उपलब्ध थे। वहीं फिजिशियन मेडिसन उपलब्ध नहीं थे। चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. नमन लोहनी की बेस अस्पताल में ड्यूटी लगी थी। इस कारण जिला अस्पताल में आए मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ा। तेज धूप में कई मरीजों ने बेस अस्पताल के चक्कर लगाए तो कुछ मरीजों ने निजी अस्पताल में उपचार कराया जिससे उन्हें आर्थिक चपत लगी। अस्पताल में भैंसियाछाना, हवालबाग, धौलादेवी, ताकुला, लमगड़ा विकासखंडों के विभिन्न गांवों से 500 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। भीड़ होने के चलते मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि चर्म रोग विशेषज्ञ बेस अस्पताल में ड्यूटी पर हैं। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश कैंप ड्यूटी पर गए हैैं। शीघ्र अस्पताल में सेवाएं देंगे।
बोले मरीज
नमिता आर्या ने कहा कि त्वचा रोग का उपचार कराने आई थी लेकिन यहां आकर पता चला कि चिकित्सक नहीं हैं। पांच किमी दूर बेस अस्पताल जाने पर काफी दिक्कत होगी।
राजन नेगी ने कहा कि पैर में खुजली होने से फोड़े हो गए हैं। उपचार के लिए यहां पहुंचा तो पता चला चिकित्सक दूसरी जगह ड्यूटी पर हैं। इस कारण काफी परेशानी से जूझना पड़ा।