उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की जन विरोधी नीतियों से स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बदतर हो रही हैं। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को निजी अस्पतालों पर छोड़ना और बेस अस्पताल में खुले हार्ट केयर सेंटर को बंद करने की स्थितियां पैदा करने से सरकार कटघरे में है।
उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य संघर्ष मोर्चा द्वारा चलाए गए प्रखर आंदोलन और जनता के सभी तबकों की मांग के बाद जाने माने हृदय रोग विशेषज्ञ डा. ओपी यादव ने बेस अस्पताल अल्मोड़ा में हार्ट केयर सेंटर खोला था पर सरकार की बेरुखी से यह सेंटर बंद हो रहा है। जिससे रोगियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। पार्टी की वरिष्ठ नेता आनंदी वर्मा ने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य को व्यापार बना दिया है।
उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में हार्ट केयर सेंटर को बनाए रखने का फैसला नहीं हुआ तो पार्टी 20 दिसंबर को आयोजित प्रदर्शन में शामिल होगी। अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता अनूप तिवारी और संचालन रेखा धस्माना ने किया। बैठक में रंजना सिंह, विमला, लीला, गोपाल राम, मनोज पंत, पंकज, अमीनुर्रहमान, जीवन चंद्र मौजूद थे।
अल्मोड़ा में डायलिसिस सेंटर खोला जाए: वर्मा
अल्मोड़ा। सांसद प्रतिनिधि मोती लाल वर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अल्मोड़ा में डायलिसिस सेंटर खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ पर्वतीय जिलों में कहीं पर भी डायलिसिस सेंटर नहीं है। इस कारण गुर्दे की बीमारी से जूझ रहे रोगियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हल्द्वानी, दिल्ली और बरेली आदि शहरों में उपचार कराने में रोगियों को तमाम दिक्कतें होती हैं साथ ही उन पर आर्थिक बोझ पड़ता है।