अल्मोड़ा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। तकनीशियनों की कमी से जूझ रहा जिले का एकमात्र ब्लड बैंक इसका प्रमाण है। यहां पर्याप्त तकनीशियन नहीं होने से खून को सुरक्षित रखना मुश्किल हो रहा है। वहीं मरीजों को प्लेटलेट्स, प्लाज्मा नहीं मिल रहे हैं।
जिला अस्पताल में जिले का एकमात्र ब्लड बैंक स्थापित है। यहां तकनीशियनों के पांच पद स्वीकृत हैं लेकिन तीन पद वर्षों से रिक्त हैं। ऐसे में अस्पताल में तैनात महज दो तकनीशियन लैब में रक्त जांच और ब्लड बैंक में खून को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
तकनीशियन नहीं होने से 24 घंटे इसका संचालन कर पाना अस्पताल प्रबंधन के लिए मुश्किल हो रहा है। तकनीशियन की कमी से खून से प्लेटलेट, प्लाज्मा जैसे जीवनदायी कंपोनेंट्स नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में मरीजों को काफी परेशानी हो रही है।
स्वीकृत पदों के सापेक्ष लैब टेक्नीशियन नहीं है। रिक्त पदों की सूचना शासन को भेजी गई है। इन पदों पर नियुक्ति शासन स्तर से ही संभव है। -डॉ.पीके सिन्हा, पीएमएस जिला अस्पताल