अल्मोड़ा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित किलकारी और मोबाइल अकादमी कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए जिला अस्पताल में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। अरमान संस्था के प्रतिनिधि मनोज कुमार ने बताया कि किलकारी कार्यक्रम गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए भारत सरकार की ओर से संचालित मोबाइल आधारित पूर्णतः निशुल्क सेवा है। इसके तहत 1600403660 नंबर से गर्भावस्था और नवजात बच्चे के स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सलाह लगातार 72 सप्ताह तक लाभार्थी को साप्ताहिक रूप से भेजी जाती है।
लाभार्थी अपने रजिस्टर्ड फोन नंबर से 14423 डायल करके भी किलकारी के संदेश सुन सकते हैं। इस दौरान बताया गया कि आशा कार्यकर्ता अपने मोबाइल फोन से गर्भावस्था और नवजात बच्चे के स्वास्थ्य से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त कर सकती है। जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि लाभार्थियों तक किलकारी सेवा की पहुंच बढ़ाने के लिए अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके वृहद प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि सभी लाभार्थियों को किलकारी सेवा के बारे में जानकारी दी जाए। कार्यशाला में ब्लॉक समन्वयक सरिता त्रिपाठी, खेमपाल भोज, उमेश जोशी, मुकेश पंत, अनुरुद्ध टम्टा, एएनएम शालनी, लवी, गीता, ममता, रेखा, भगवती, ममता, देवकी, लक्ष्मी , विजयलक्ष्मी, रूपा आदि मौजूद रहीं।