अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में तैनात एक मात्र फिजिशियन के अवकाश पर रहने से मरीज परेशान रहे। उन्हें बेस और निजी अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है।
सोमवार को नगर समेत हवालबाग, कोसी, लोधिया, माट, गधोली, ज्योली, रैलाकोट, लमगड़ा, जैंती आदि ग्रामीण क्षेत्रों से मरीज बुखार, खासी, जुकाम, बदन दर्द से संबंधित अन्य समस्या का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे। यहां तैनात फिजिशियन के न होने से मरीजों को दिक्कत हुई। ऐसे में कई मरीजों को मायूस होकर घर लौटना पड़ा। कई मरीज निजी अस्पतालों में जाकर इलाज करना पड़ा। शीतलाखेत निवासी मनीष पांडे ने बताया कि सुबह 35 किलोमीटर की दूरी तय कर जिला अस्पताल पहुंचे थे लेकिन फिजिशियन न होने के कारण निजी अस्पताल में इलाज कराना पड़ा। लमगड़ा निवासी हेमा देवी ने कहा कि वह बुखार और बदन दर्द से परेशान है। डॉक्टर के अवकाश में रहने से बेस अस्पताल जाना पड़ा। संवाद
फिजिशियन तीन दिनों के लिए अवकाश पर हैं। जल्द उनके लौटते ही उपचार मिल पाएगा। अस्पताल में उपचार कराने आए रोगियों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
- डॉ. एचसी गड़कोटी पीएमएस अल्मोड़ा।