अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में तैनात एकमात्र चर्म रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर रहने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मरीजों को बेस अस्पताल और निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ा। अस्पताल की ओपीडी में 350 से अधिक मरीज पहुंचे।
शनिवार को नगर सहित हवालबाग, लमगड़ा, धौलछीना, सेराघाट, पनुवानौला और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से कई मरीज दाद, खाज, खुजली, सफेद दाग और एलर्जी जैसी त्वचा संबंधी समस्याओं के इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। चर्म रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर होने से इलाज नहीं मिल सका।
अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार चर्म रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर हैं जिससे मरीजों को निराशा हाथ लगी। डॉक्टर के नहीं होने से कई मरीजों को करीब सात किलोमीटर दूर स्थित बेस अस्पताल और निजी अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ी।