भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में आठ नए चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के पांच लोगों की तैनाती हुई है।
अब क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। इसी क्रम में शनिवार को अस्पताल में परिचयात्मक कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने अस्पताल परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से बने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का लोकार्पण किया।
विधायक डॉ. नैनवाल ने नए चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के लोगों का परिचय कराते हुए कहा कि सभी से जनहित में अपनी सेवाएं दें। उन्होंने बताया कि शासन से अस्पताल के सौंदर्यीकरण के लिए 75 लाख रुपये स्वीकृत कराए गए हैं।
उन्होंने पथ प्रकाश के लिए विधायक निधि से 10 लाइटें लगाने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी पंत, तहसीलदार रवि शाह, खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह नेगी, आरईएस के अधिशासी अभियंता शशांक सिंह, ईओ प्रीति आर्या, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमजद खान, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेम रावत, लीला बिष्ट आदि मौजूद रहे।